बालोतरा। पूर्व उप सभापति रामलाल राजपुरोहित ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन भेजकर बालोतरा शहर की लुणी नदी को अतिक्रमण से मुक्त करवाने की मांग की है...
बालोतरा। पूर्व उप सभापति रामलाल राजपुरोहित ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन भेजकर बालोतरा शहर की लुणी नदी को अतिक्रमण से मुक्त करवाने की मांग की है। राजपुरोहित ने ज्ञापन में बताया कि बालोतरा शहर में कई वर्षो से लगातार अतिक्रमण हो रहे है। शहर में अवाप्तसुदा नगर परिषद की 934 बीघा भूमि, दूध डेयरी के पास स्थित फ्लड चैनल व लुणी नदी में भूमाफियों द्वारा अतिक्रमण किये जा रहे है। जिसके संबंध में मेरी ओर से आपके कार्यालय, उपखण्ड कार्यालय व नगर परिषद बालोतरा में लगातार पत्र व्यवहार किया गया मगर आज दिन तक किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं की गई। उन्होंने बताया कि हाल ही में उपखण्ड अधिकारी द्वारा नदी का सीमाज्ञान कर 52 अतिक्रमण चिन्हित किए गए मगर 3-4 माह बीतने के बावजूद आज दिन तक अतिक्रमण नहीं हटाये गये, उल्टा हाल ही में नगर परिषद चुनाव के दौरान प्रशासन की नाक के नीचे सार्वजनिक बस स्टैंड की भूमि व कई जगहों पर कब्जा किया गया। इसी तरह आज भी करनाराम माली की दुकान के पीछे बाईपास रोड़ पर रेवन्यू भूमि में चार दिवारी का काम चल रहा है व लोगों ने अतिक्रमणों का नियमन हेतु पुरानी आबादी अंतर्गत ख.नं. 609 के अधीन पट्टा पत्रावलियां नगर परिषद में पेश कर पट्टे लेने की तैयारियां चल रही है। राजपुरोहित ने बताया कि पूर्व में भी नगरपालिका के भ्रष्ट अधिकारियों ने लुणी नदी की जमीन में अवैद्य पट्टे जारी किये थे जो जांच कर निरस्त करावें व सिंचाई विभाग की रपट के ऊपर भी प्लॉट काटे गये उसके भी पट्टे नगर परिषद द्वारा जारी किए गए है। ज्ञापन में उप सभापति ने बताया कि फ्लड चैनल के पास सफेदपोश राजनेताओं द्वारा नाले की भूमि पर अतिक्रमण किये जा रहे है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 से लगातार मेरे द्वारा इस संबंध में प्रशासन को अवगत करवाया जा रहा है बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है उल्टा अतिक्रमणकारियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने जिला कलेक्टर से अविलंब जनहित में अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
COMMENTS